रायपुर संवाददाता – रघुराज
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक नगरी अम्बिकापुर आज ऐतिहासिक दिन का साक्षी बनी, जब देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का यहां के गांधी स्टेडियम हेलीपैड पर भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और राज्यपाल श्री रमेन डेका ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राष्ट्रपति महोदया का आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर जनजातीय संस्कृति की झलकियां और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों से वातावरण उत्साहपूर्ण बन गया।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु यहां पंडित जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित “जनजातीय गौरव दिवस समारोह 2025” में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। कार्यक्रम में राज्यभर से हजारों लोगों ने भाग लिया। मंच पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री, राज्यपाल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत करते हुए जनजातीय समाज के योगदान को नमन किया।
समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के विकास में जनजातीय समुदाय का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की परंपराएं, जीवनशैली और प्रकृति के प्रति उनका सम्मान आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राष्ट्रपति ने युवा वर्ग से जनजातीय नायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के सर्वांगीण विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की जनजातीय कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और प्रदर्शनियों का भी अवलोकन राष्ट्रपति जी ने किया। उन्होंने स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों से संवाद कर उनके उत्साह और प्रतिभा की सराहना की।
अम्बिकापुर में राष्ट्रपति के आगमन से पूरा क्षेत्र गौरव और उत्सव के माहौल में डूब गया। मां महामाया की पावन धरा पर उनका स्वागत छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय गौरव का प्रतीक बन गया।









