कोरबा संवाददाता – रवि चौहान
कोरबा जिले के अमरैयापारा बस्ती में शनिवार को एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त करने का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला मानिकपुर चौकी थाना क्षेत्र का है। नवविवाहिता की पहचान 22 वर्षीय मधु सूर्यवंशी के रूप में हुई है, जो जांजगीर-चांपा जिले के खोखरा गांव की निवासी थी। करीब नौ महीने पहले मधु ने अरुण कोसले से लव मैरिज की थी और शादी के बाद से ही वह ससुराल में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि शादी के बाद से वह मायके नहीं गई थी। शनिवार सुबह करीब 11 बजे मधु ने घर में लगे लोहे के एंगल से फांसी लगा ली। घटना के समय उसके सास-ससुर घर पर ही मौजूद थे। वहीं, पति अरुण कोसले टीपी नगर स्थित एक गैराज में मिस्त्री का काम करता है। उसे फोन पर घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वह तत्काल घर लौटा और पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर तहसीलदार को बुलाकर पंचनामा कार्रवाई कराई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन कोरबा पहुंचे और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। मधु की मां अंबिका बाई ने कहा कि शादी के बाद से ही मधु फोन पर बताती थी कि सास-ससुर लव मैरिज और दहेज न लाने को लेकर ताना मारते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
परिजनों का आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते मधु ने आत्महत्या की। मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।









