देहरादून-
राजधानी देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लैंडिंग के दौरान इंडिगो एयरलाइंस के विमान से एक पक्षी के टकराने की आशंका जताई गई। घटना के बाद पायलट और एयरपोर्ट स्टाफ तुरंत सक्रिय हुए और विमान को सावधानीपूर्वक रनवे पर उतार लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, यह विमान मुंबई से देहरादून आ रही इंडिगो फ्लाइट संख्या IGO-5032 (एयरबस A320) थी। घटना के समय विमान में 186 यात्री सवार थे, जिससे बोर्ड पर मौजूद लोग और ग्राउंड स्टाफ एक पल के लिए सकते में आ गए।
लैंडिंग के बाद तकनीकी टीम ने विमान की जांच की, जिसमें नोज़ सेक्शन (नाक वाले हिस्से) पर हल्का नुकसान देखा गया। हालांकि, निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट कर्मियों को रनवे क्षेत्र में किसी पक्षी का अवशेष नहीं मिला, जिससे टकराव की पुष्टि पर अभी भी सवाल बने हुए हैं।
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि शाम करीब 6:40 बजे उतरते वक्त यह घटना सामने आई। सुरक्षा मानकों के तहत विमान को रनवे पर रोककर तुरंत जांच की गई। देहरादून से मुंबई लौटने वाले यात्रियों को देरी से बचाने के लिए उन्हें दूसरी फ्लाइट से रवाना किया गया।
प्रशासन पूरी घटना की जांच कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर काबू पाया जा सके।









