भारतीय मौसम विभाग यानी कि IMD ने शुक्रवार को उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और पड़ोसी दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ श्रीलंका के तटीय इलाकों और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। IMD के मुताबिक, यह तूफान तेज हवाओं के साथ रफ्तार पकड़ता जा रहा है और भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। यह 30 नवंबर की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में पहुंच सकता है। तटीय इलाकों में रहने वालों और मछुआरों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
IMD के अनुसार, ‘दित्वा’ पिछले 6 घंटों में 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चला है। शुक्रवार को सुबह 2:30 बजे यह अक्षांश 8.1° उत्तर और देशांतर 81.2° पूर्व के पास केंद्रित था। यह ट्रिंकोमाली से 50 किमी दक्षिण, बट्टिकलोआ से 70 किमी उत्तर-पश्चिम, हम्बनटोटा से 220 किमी उत्तर, पुडुचेरी से 460 किमी दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से 560 किमी दक्षिण-पूर्व में था। तूफान श्रीलंका के तट के साथ उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और फिर बंगाल की खाड़ी में प्रवेश करेगा।









