दिल्ली बम ब्लास्ट और फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल (“व्हाइट-कॉलर” आतंकी मॉड्यूल) की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ा एक्शन लिया है। एनआईए ने कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर छापा मारा है। मिली जानकारी के मुताबिक नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने दिल्ली ब्लास्ट केस के सिलसिले में शोपियां के नादिगाम में इरफान मौलवी के घर की तलाशी ली। साथ ही पुलवामा में भी ऑपरेशन चलाए। यह छापेमारी लाल किला धमाका (Red Fort blast case) मामले के आरोपियों के रिहायशी घरों को भी कवर कर रही है।
पुलिस ने पिछले सोमवार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा और श्रीनगर जिलों में हॉस्पिटल के लॉकरों की सरप्राइज इंस्पेक्शन की थी। जांच को आगे बढ़ाते हुए, NIA ने लखनऊ, कानपुर, सहारनपुर, फरीदाबाद और जम्मू-कश्मीर को ‘कोर ज़ोन’ बताया था।
बता दें कि यह बड़ा एक्शन तब आया है जब हाल ही में एक अंतर्राज्यीय “व्हाइट-कॉलर” आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ था। इस मॉड्यूल से जुड़े लोगों के पास से, मुख्य रूप से हरियाणा के फरीदाबाद से, अमोनियम नाइट्रेट सहित लगभग 3,000 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया गया था। इसके बाद 10 नवंबर 2025 को आतंकी डॉक्टर उमर लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए ब्लास्ट कर खुद को उड़ा लिया था। इस बम ब्लास्ट में 15 लोगों की मौत हुई थी। ये धमाका तब हुआ जब कार में सवार आतंकी डॉक्टर उमर ने मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के बाहर ट्रैफिक रेड के पास खुद को उड़ा लिया था।









