कांग्रेस अपने जर्जर होते जा रहे संगठन के कारण जमीनी पकड़ खोती जा रही है
दंतेवाड़ा । भारतीय जनता पार्टी दंतेवाड़ा के जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने दंतेवाड़ा में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के पश्चात अंदरूनी कलह के खुलकर सामने आने एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तक कार्यकर्ताओं की किनाराकशी की शिकायत करने पहुंचे दंतेवाड़ा के कांग्रेसियों पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि इससे साफ पता चल रहा है कि कांग्रेस का संगठनात्मक ढाँचा कितनी बुरी कदर चरमरा गया है! श्री गुप्ता ने कहा कि चुनावों में लगातार हारती जा रही कांग्रेस अब अपने पतन की पराकाष्ठा की ओर बढ़ चुकी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक लगातार हार के बावजूद अपने संगठनात्मक ढाँचे की जरा भी फिक्र नहीं कर रहे हैं, जो कांग्रेस और उससे जुड़े संगठनों के पदाधिकारियों के अपमान से जगजाहिर हो रहा है। श्री गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस अपने इसी जर्जर होते जा रहे संगठन के कारण जमीनी पकड़ खोती जा रही है। ले-देकर कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान चलाया तो वह भी गुटबाजी की भेंट चढ़ गया है, जिसके चलते दंतेवाड़ा में कांग्रेस के पदाधिकारी अपने ही जिला अध्यक्ष की नियुक्ति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्हें अयोग्य ठहरा रहे है । श्री गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस इसी कारण लगातार चुनाव हार रही है और हारने के बाद बजाय संगठनात्मक स्तर पर समीक्षा, आत्मावलोकन व चिंतन के कांग्रेस वोट चोरी, ईवीएम हैक होने जैसे हास्यास्पद बहानों की आड़ में अपने नाकारापन को ढँकने की कोशिश करती है।









