बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= छत्तीसगढ़, उड़ीसा और महाराष्ट्र में आरोपी कर चुके हैं दर्जनों वारदात =
= बस्तर, कोंडागांव, धमतरी की चोरियों में गैंग का हाथ =
जगदलपुर। बस्तर जिला पुलिस ने मध्यप्रदेश के धार जिले के कुख्यात चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गैंग के तीन आरोपी बस्तर पुलिस के हत्थे चढ़े है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। यह गिरोह छत्तीसगढ़ के बस्तर, धमतरी, कोंडागांव जिलों समेत महाराष्ट्र और उड़ीसा में भी दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुका है।
बस्तर जिले के आड़ावाल, सनसिटी हाउसिंग बोर्ड, बस्तर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में इस गिरोह ने चोरी की वारदात की थी। अब तक जांच में बस्तर जिले के चोरी के 5 प्रकरणों में तीनों आरोपियों की संलिप्तता पाई गई है।पकड़े गए आरोपियों में पारस अलावा उर्फ अमलियार पिता नरू अलावा उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम गडरावत पोस्ट नरवाली थाना टांडा जिला धार मप्र, धीतु अलावा उर्फ अमलियार पिता मलिसंग उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम गडरावत थाना टांडा जिला धार मप्र और पंकेश अनारे पिता नजरू अनारे उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम गडरावत थाना टांडा जिला धार शामिल हैं। इन आरोपियों से 6 नग सोने का जैसा दिखने वाले हार, 2 नग नकली सिंगल कान का, 2 नग आर्टिफिशियल ज्वेलरी, 2 जोड़ी चांदी की पायल, 4 नग चांदी की चेन, 5 नग चांदी का बिछिया, 1 नग चांदी का सिक्का, 1 नग चांदी का चाबी छल्ला, 20 रूपये के 253 नग नोट, 10 रूपये के 249 नग नोट,

20 रूपये के 52 सिक्के, 10 रूपये के 378 सिक्के, एक एंड्रॉईड मोबाईल फोन, दो कीपेड फोन, दो होंडा शाईन मोटर साईकिलें, ताले काटने का एक कटर, एक लोहे का कौंआ पाना, बेल्डिंग कर बनाए गए दो औजार बरामद किए गए हैं। बस्तर थाने व सिटी कोतवाली जगदलपुर में दर्ज चोरियों का पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर एएसपी महेश्वर नाग, सीएसपी सुमीत कुमार एवं उप पुलिस अधीक्षक साइबर गीतिका साहू के निर्देशन में सभी चोरी के वारदातों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। घटनाओं की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस टीम ने पाया कि चोरियों का तरीका एक समान है। पड़ोसी जिलों से संपर्क करने पर पता चला कि वहां भी रोड से लगी पॉश कॉलोनियों में इसी तरीके की घटनाएं हुई हैं। बस्तर, कोंडागांव, धमतरी के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। फुटेज में दिख रहे संदिग्धों के संबंध में मुखबिर के माध्यम से पतासाजी की शुरू की गई। मुखबिर से सूचना मिली हुई कि उसी कद-काठी एवं मिलते-जुलते लोग सनसिटी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के आसपास रेकी करते देखे गए हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदेहियों को पकड़ लिया। पूछताछ में संदेहियो ने रेकी कर चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने कई राज्यो के सूने मकानों में ताला तोड़कर चोरी करना एवं महाराष्ट्र से चोरी कर लाए सामानों को एवं चोरी करने के औजारों को जंगल में छुपाकर रखने की जानकारी पुलिस को दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मोटरसाईकलों और अन्य सामानों को बरामद कर लिया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। धार गैंग के अन्य आरोपियों को भी चिन्हांकित कर गिरफ्तारी हेतु प्रयास किए जा रहे हैं।
आरोपियों को पकड़ने में निरीक्षक सुरेश जांगड़े, शिवानंद सिंह, गौरव तिवारी
उप निरीक्षक प्रमोद ठाकुर,
प्रधान आरक्षक अजय साहू, आरक्षक गौतमचंद सिन्हा, धर्मेंद्र ठाकुर, रोशन चौहान, माहंगू राम कश्यप, श्याम देव कश्यप, कृष्ण कुमार नेताम, युवराज ठाकुर, महेंद्र पटेल, सोनू कुमार गौतम, प्रदीप कुमार कश्यप, हेमचंद मौर्य और शैलेष राज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









