भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले होने वाली 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पूरा शेड्यूल सामने आ चुका है। इस हाई-वोल्टेज सीरीज का दूसरा मुकाबला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम एक बार फिर अपने घरेलू रिकॉर्ड को और मजबूत करने उतरेगी।
टी20 सीरीज की शुरुआत 21 जनवरी को नागपुर में पहले मुकाबले से होगी। इसके बाद 23 जनवरी को रायपुर में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। तीसरा मैच 25 जनवरी को गुवाहाटी, चौथा मुकाबला 28 जनवरी को विशाखापट्टनम, जबकि सीरीज का अंतिम और पांचवां टी20 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज के लिए भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है, जबकि अक्षर पटेल उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए यह सीरीज टीम इंडिया की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।









