पेंड्रा संवाददाता दीपक कश्यप
जिला वॉलीबॉल संघ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की पुरुष टीम भिलाई में आयोजित होने वाली 20वीं राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2025 में भाग लेने जा रही है। टीम की तैयारियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज दिनांक 23 दिसंबर 2025 को जिला वॉलीबॉल मैदान में जर्सी वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्री राकेश जालान तथा साक्षी स्पोर्ट्स के संचालक श्री सत्येंद्र राय उपस्थित रहे। जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष श्री योगेश बिसेन तथा सचिव श्री विक्रांत सिंह भी इस अवसर पर मौजूद थे।

मुख्य अतिथि अध्यक्ष नगर पालिका पेंड्रा श्री राकेश जालान ने खिलाड़ियों को जर्सी वितरित करते हुए कहा, “जिला वॉलीबॉल संघ की यह टीम हमारे जिले का गौरव है। मैं सभी खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देता हूं। नगर पालिका की ओर से खेलों के विकास और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। आप सभी जिले का नाम ऊंचा करें और विजयी वापस लौटें।”
जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष श्री योगेश सिंह बिसेन ने अपने संदेश में कहा, “हमारी पुरुष टीम कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ तैयार हुई है। यह जर्सी आपके लिए जिम्मेदारी का प्रतीक है। राज्य स्तरीय मंच पर जिले की प्रतिष्ठा को बनाए रखें और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। संघ आप सभी के साथ है।”

सचिव श्री विक्रांत सिंह ने कहा, “खिलाड़ियों ने अभ्यास में पूरा समर्पण दिखाया है। यह समारोह टीम के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा। मैं सभी खिलाड़ियों से आग्रह करता हूं कि खेल भावना के साथ मैदान पर उतरें और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का गौरव बढ़ाएं। हमें पूरा विश्वास है कि टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।”
जिला वॉलीबॉल संघ की यह टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूर्णतः तैयार है।
उपरोक्त जानकारी जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव विक्रांत सिंह ने दी।









