जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिला जांजगीर-चांपा , 26 दिसंबर 2025।
पंचायत संचालनालय छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार एवं पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार की नवीन योजना “विकसित भारत देश रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) – वीबीजी राम जी” के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से जिले के सभी ग्रामों में विशेष ग्रामसभा का सफल आयोजन किया गया।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित इन ग्रामसभाओं में ग्रामीणों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। ग्रामसभा में श्रमिक, महिलाएं, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के परिवार, किसान एवं अन्य कमजोर वर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
ग्रामसभाओं के दौरान वीबीजी राम जी अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, योजना की प्रमुख विशेषताओं तथा इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय विजन को लेकर चर्चा करते हुए ग्रामीणों को देश के समग्र विकास में अपनी भूमिका समझाई गई।
ग्रामीणों को योजना से संबंधित जानकारी देने के साथ-साथ अधिनियम की प्रमुख विशेषताओं की मुद्रित प्रतियां भी वितरित की गईं। जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायतों द्वारा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य विषयों को भी ग्रामसभा के एजेंडे में शामिल किया गया।
आयोजन के दौरान विकासखंड स्तर के संबंधित विभागों के मैदानी एवं क्षेत्रीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
विशेष ग्रामसभा के माध्यम से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ी है और शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित हुआ। यह पहल सशक्त ग्रामसभा, सशक्त पंचायत और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।







