Home चर्चा में नववर्ष पर दंतेश्वरी मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

नववर्ष पर दंतेश्वरी मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

8
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा 

= मातारानी से श्रद्धालुओं ने मांगा सुखमय और खुशहाल जीवन का आशीर्वाद =
= किसी ने लिए शराब छोड़ने का संकल्प, तो किसी ने त्याग दी दूसरी बुराइयां =
जगदलपुर। नए साल की पहली सुबह जगदलपुर स्थित दंतेश्वरी माई मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही लोग नव वर्ष के अवसर पर माता के दर्शन कर नया साल अच्छा गुजरने का आशीर्वाद लिया। इस दौरान किसी ने शराब छोड़ने का संकल्प लिया, तो किसी ने जुआ, सट्टे से दूर रहने का प्रण किया। जहां भाजपा समर्थक कई लोगों ने नरेंद्र मोदी के आजीवन प्रधानमंत्री बने रहने की प्रार्थना मातारानी से की, वहीं कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार बनने और राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने की मिन्नत मां दंतेश्वरी से की।
1 जनवरी को पौ फटने के साथ ही जगदलपुर समेत बस्तर जिले के प्रायः सभी गांव कस्बों के मंदिरों में श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। नगर के दंतेश्वरी मंदिर समेत अन्य देवलयों में सुबह से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक किरण सिंह देव, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, महापौर संजय पाण्डेय, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह राणा, सुरेश गुप्ता, युवा कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष निकेत राज झा समेत अन्य नेता और जनप्रतिनिधि अलग अलग समय में मातारानी के दर पर पहुंचते रहे। किरण सिंह देव ने माता से प्रदेश और बस्तर में खुशहाली व शांति की प्रार्थना की। महापौर संजय पाण्डेय ने जगदलपुर के संपूर्ण विकास और शहरवासियों की खुशहाली की प्रार्थना की। वहीं कई मैदानी भाजपा कार्यकर्ता और भाजपा समर्थक नागरिकों ने दंतेश्वरी माता से नरेंद्र मोदी को आजीवन भारत का प्रधानमंत्री बनाए रखने की आराधना की। वहीं कांग्रेस के कई लोगों ने माताजी से प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार बन जाए और राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनें। इस दौरान कई लोग जिंदगी भर शराब छोड़ने के संकल्प के साथ मंदिर पहुंचे थे। इनमें से कुछ लोगों को रात में चढ़ा नशा भी उतर नहीं पाया था और उनके मुंह से शराब की गंध आ रही थी। अब देखने वाली बात यह है कि ये संकल्पवान लोग अपने संकल्प पर आज शाम तक भी टिक पाते हैं या नहीं? मंदिर पहुंची ज्यादातर महिलाओं ने अपने अपने परिवार में सुख शांति और खुशहाली की प्रार्थना दंतेश्वरी माई से की। लोगों की उमड़ती भीड़ को देख स्थानीय पुलिस प्रशासन भी व्यवस्था बनाने में जुटा रहा। पुलिस के जवान सभी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध होकर दर्शन पूजन करने की समझाइश देते रहे। भक्तों की भीड़ के साथ फूल और प्रसाद बेचने वालों के नए साल के पहले दिन की शुरुआत अति शुभ रही।उनका धंधा खूब चला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here