Home मुख्य ख़बरें छत्तीसगढ़ में मौसम करवट लेने को तैयार: 48 घंटे बाद बढ़ेगी ठंड,...

छत्तीसगढ़ में मौसम करवट लेने को तैयार: 48 घंटे बाद बढ़ेगी ठंड, हल्की बारिश और कोहरे के भी आसार

267
0

रायपुर

नए साल की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने की संभावना है। इससे प्रदेश में ठंड और तेज हो जाएगी।

दुर्ग संभाग में ठंड का असर पहले से ही ज्यादा देखने को मिल रहा है। गुरुवार को यहां कुछ इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनी रही। हालांकि, प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

हल्की बारिश के आसार

2026 के पहले दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। लेकिन शुक्रवार को एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इसका कारण उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है, जो ऊपरी वायुमंडलीय स्तर पर प्रभाव डाल रहा है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि दो दिन बाद भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही, कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना भी जताई गई है।

रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को धुंध या हल्का कोहरा रह सकता है। आज यहां

अधिकतम तापमान: लगभग 28 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम तापमान: करीब 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है

बीते दिन रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक 28.9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री रहा। माना क्षेत्र में दिन का तापमान रायपुर से थोड़ा ज्यादा और रात का तापमान थोड़ा कम रिकॉर्ड किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here