इजराइली ‘तावोर’ और अमेरिकी ‘कॉल्ट-M4’ राइफल सहित 20 लाख कैश किया सुपुर्द, झीरम हमले पर कर सकता है बड़े खुलासे
रायपुर/तेलंगाना।
नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात नक्सली कमांडर देवा ने तेलंगाना में सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। इस दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस ने विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पूरी कार्रवाई को सुरक्षित रूप से अंजाम दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरेंडर के समय देवा ने अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा सौंपा, जिसमें इजराइल में बनी ‘तावोर’ असॉल्ट राइफल, अमेरिका की ‘कॉल्ट-M4’ राइफल और करीब 20 लाख रुपये नकद शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस सरेंडर को नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मान रही हैं।
सूत्रों की मानें तो देवा से अब झीरम घाटी नक्सली हमले को लेकर अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। जांच एजेंसियां उससे हमले की साजिश, शामिल नेताओं और नक्सल संगठन की अंदरूनी रणनीति पर पूछताछ करेंगी।
अधिकारियों का कहना है कि देवा का आत्मसमर्पण नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति बहाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे संगठन की गतिविधियों और फंडिंग नेटवर्क पर भी बड़ा खुलासा हो सकता है।









