सुकमा संवाददाता – पोडियामी दीपक
‘अनमैप्ड’ वोटरों के नाम जोड़ने विशेष सुनवाई शुरू
सुकमा/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जिले में निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इसी कड़ी में आज जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर कैटिगरी ‘C’ (नो मैपिंग) वाले मतदाताओं के दस्तावेज़ सत्यापन के लिए विशेष सुनवाई आयोजित की गई। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 तक की स्थिति में कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
दस्तावेजों की बारीकी से जांच
सुनवाई के दौरान सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) द्वारा मतदाताओं के स्वयं के दस्तावेजों अथवा नियमानुसार उनके माता-पिता या दादा-दादी की जन्मतिथि से संबंधित अभिलेखों की सूक्ष्मता से समीक्षा की गई। सत्यापन की प्रक्रिया के बाद पात्र पाए गए नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।

मतदाता सूची पुनरीक्षण: मुख्य तिथियां
* प्रारंभिक प्रकाशन: 23 दिसंबर 2025 को किया जा चुका है।
* सुनवाई की अंतिम तिथि: 22 जनवरी 2026 तक।
* प्रक्रिया: संबंधित AERO कार्यालयों और सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर ही सुनवाई की जा रही है।
* दावा-आपत्ति: इस दौरान मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां भी स्वीकार की जा रही हैं।
कलेक्टर की अपील
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमित कुमार ने सभी अनमैप्ड मतदाताओं से अपील की है कि वे आयोग द्वारा निर्धारित तिथि पर अपने और अपने परिवार के आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुदृढ़ लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना अनिवार्य है।









