कोरबा।
गणतंत्र दिवस से पर वर्षों से जनमानस की भावनाओं से जुड़ा प्रतिष्ठित कार्यक्रम ‘मां तुझे सलाम’ इस वर्ष अपने 20वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। बीते उन्नीस वर्षों तक यह आयोजन प्रतिवर्ष केवल मंचीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के रूप में आयोजित होता रहा है, जिसमें देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दी जाती थीं।
हालांकि समय के साथ इस आयोजन को लेकर आम नागरिकों, प्रायोजकों, व्यापारिक संस्थानों एवं प्रतिभागियों की रुचि और अपेक्षाएं लगातार बढ़ती गईं। इन्हीं अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष आयोजन को एक नया और वृहद स्वरूप देते हुए इसे तीन दिवसीय महोत्सव के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।


न्यूज़ 36गढ़ व इनोवेटिव ग्रुप के तत्वावधान में यह विशेष आयोजन 24 से 26 जनवरी 2026 तक डॉ. भीमराव अंबेडकर घंटाघर मैदान, कोरबा में आयोजित होगा। इस वर्ष की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पहली बार सांस्कृतिक मंचीय कार्यक्रमों के साथ-साथ एक भव्य ट्रेड फेयर भी लगाया जाएगा, जिसमें कोरबा सहित आसपास के क्षेत्रों के व्यापारी, उद्योग, रियल एस्टेट, शिक्षा, स्वास्थ्य, लाइफस्टाइल एवं उपभोक्ता उत्पादों से जुड़े स्टॉल शामिल होंगे।
आयोजन के अंतर्गत इंटर स्कूल एवं इंटर कॉलेज स्तर की नृत्य और गायन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिससे जिले के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। वहीं आयोजन का समापन 26 जनवरी को ‘मां तुझे सलाम’ नामक भव्य देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक संध्या के साथ किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रभक्ति से जुड़े गीत, संगीत और नृत्य प्रस्तुत होंगे।


आयोजकों के अनुसार 20वें वर्ष में कार्यक्रम का यह नया स्वरूप न केवल इसे अधिक जनोपयोगी और समावेशी बनाएगा, बल्कि कोरबा शहर के लिए इसे एक भव्य रिपब्लिक डे वीकेंड उत्सव के रूप में स्थापित करेगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं और शहर में इसे लेकर उत्साह का माहौल बनता जा रहा है।
प्रायोजक, व्यापारी, औद्योगिक संस्थान, शिक्षण संस्थान एवं प्रतिभागी, जो इस आयोजन में स्टॉल, स्पॉन्सरशिप या प्रस्तुतियों के माध्यम से भाग लेना चाहते हैं, वे मनोज मिश्रा (मोबाइल: 94241 41414) से सीधे संपर्क कर सकते हैं।












