रायपुर संवाददाता – रघुराज
रायपुर। श्रीनगर स्थित तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी (REGD. 23449, ESTD. 2012) की ओर से आने वाली मकर संक्रांति और कनुमा पर्व के अवसर पर रंगारंग उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 14 और 15 जनवरी 2026 को आयोजित होगा, जिसमें तेलुगु समाज सहित रायपुर के नागरिकों को भी सादर आमंत्रित किया गया है।
समाज के अध्यक्ष टी. गोपी ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी संक्रांति पर्व को पारंपरिक तरीके से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 14 जनवरी की सुबह 5:30 बजे भोगी मंट (Bhogi Fire) से होगी, जिसमें समाज के सदस्य एकत्रित होकर पुराने वर्ष की नकारात्मकता को अग्नि में अर्पित करेंगे और नए वर्ष का स्वागत करेंगे। इसके बाद सुबह 8:30 बजे स्वादिष्ट अल्पाहार (Breakfast Gathering) का आयोजन किया जाएगा।
15 जनवरी को दोपहर 4:00 बजे “पसुपु-कुंकुम वितरण” (Haldi-Kumkum Exchange) कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें समाज की महिलाएँ एक-दूसरे के साथ पारंपरिक रीतिरिवाजों के अनुसार त्योहारी सौहार्द का प्रदर्शन करेंगी। यह आयोजन श्री लक्ष्मी साई भवन, झंडा चौक, शिवानंद नगर, रायपुर (छ.ग.) में संपन्न होगा।
तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव के. सत्य बाबू ने बताया कि समाज का मुख्य उद्देश्य तेलुगु संस्कृति, परंपरा और एकता को बढ़ावा देना है। इस दौरान समाज के कोषाध्यक्ष एस. दिनकर और के. भानोज़ ने सभी परिवारों से आग्रह किया है कि वे इस उत्सव में सम्मिलित होकर त्योहार की खुशियाँ साझा करें।
तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी ने रायपुरवासियों से अपील की है कि वे इस दो दिवसीय संक्रांति-कनुमा पर्व में भाग लेकर अपने परिवार सहित पारंपरिक उल्लास का अनुभव करें।







