श्री रामानंदाचार्य जी महाराज जन्मोत्सव पर कोरबा में भव्य लोकार्पण एवं सम्मान समारोह संपन्न
कोरबा।
जगद्गुरु श्री रामानंदाचार्य जी महाराज के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर श्री वैष्णव विकास समिति, कोरबा के तत्वावधान में बुधवार को बाईपास रोड स्थित श्री वैष्णव भवन परिसर में भव्य धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय श्री लखन लाल देवागन केबिनेट मंत्री छग शासन,कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ किया गया। इस अवसर पर 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित श्री वैष्णव भवन का अतिथियों द्वारा फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए श्री लखन लाल देवागन ने कहा कि
“श्री वैष्णव भवन समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। यह भवन समाज को जोड़ने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को संस्कार, सेवा और समर्पण की दिशा देगा।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि
“जगद्गुरु श्री रामानंदाचार्य जी महाराज का जीवन समरसता, समानता और भक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने समाज को जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।”
महापौर ने श्री वैष्णव भवन के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि
“श्री वैष्णव भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि समाज की आस्था, परंपरा और संगठनात्मक शक्ति का केंद्र है। ऐसे भवन सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा देते हैं।”

कार्यक्रम के दौरान समाज जनों की मांग पर केबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवागन द्वारा शेड एवं पेवर ब्लॉक निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की सहर्ष घोषणा की गई। वहीं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने समाज के हित में किचन शेड निर्माण कराए जाने की भी घोषणा की, जिससे सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। इन घोषणाओं पर उपस्थित समाजजनों ने हर्ष व्यक्त किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सम्मान समारोह रहा, जिसमें श्री वैष्णव विकास समिति, कोरबा द्वारा समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं समाज सेवा में सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में बच्चों, बुजुर्गों एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह एवं गर्व देखने को मिला।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में जगद्गुरु श्री रामानंदाचार्य जी महाराज के जीवन दर्शन, भक्ति आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान एवं सामाजिक समरसता के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रामानंदाचार्य जी महाराज ने भक्ति को जन-जन तक पहुँचाकर समाज में समानता, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत किया।
इस अवसर पर वैष्णव समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्री वैष्णव विकास समिति, कोरबा द्वारा सभी अतिथियों, समाजजनों, आगंतुकों एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी समाजहित में इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।









