सर्दियों की सुबह अगर नाश्ते में गरमागरम पराठे मिल जाएं, तो दिन की शुरुआत ही खास हो जाती है। आमतौर पर आलू का पराठा सभी को पसंद आता है, लेकिन अगर आप इसे थोड़ा हेल्दी बनाना चाहते हैं तो बाजरे के आटे का इस्तेमाल कर सकते हैं। बाजरा न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है, बल्कि ठंड के मौसम में शरीर को गर्म रखने में भी मदद करता है। आइए जानते हैं बाजरे के आटे से आलू पराठा बनाने की आसान विधि।
आवश्यक सामग्री
बाजरे का आटा – 2 कप
उबले आलू – 2 मध्यम (अच्छी तरह मैश किए हुए)
हरी मिर्च – 1 (बारीक कटी हुई)
अदरक – 1 छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
जीरा – आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – आधा छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
गुनगुना पानी – जरूरत अनुसार
घी या तेल – परांठा सेंकने के लिए
बनाने की विधि
1) एक बड़े बर्तन में बाजरे का आटा डालें और उसमें नमक व जीरा मिलाएं।
2) अब मैश किए हुए आलू, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और सभी सूखे मसाले डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
3) धीरे-धीरे गुनगुना पानी डालते हुए नरम और चिकना आटा गूंथ लें।
4) आटे को ढककर 5 से 10 मिनट के लिए रख दें, ताकि वह सेट हो जाए।
5) अब आटे से मध्यम आकार की लोई बनाएं और हल्के हाथों से परांठा बेल लें।
6) गरम तवे पर परांठा डालें और दोनों तरफ से घी या तेल लगाकर सुनहरा होने तक सेक लें।
7) इसी तरह सभी परांठे तैयार कर लें।
परोसने का तरीका
गरमागरम बाजरा-आलू पराठे को दही, मक्खन, हरी चटनी या अचार के साथ परोसें। सर्दियों की सुबह के लिए यह एक परफेक्ट नाश्ता है।
सेहत के फायदे
बाजरा शरीर को अंदर से गर्म रखता है।
फाइबर से भरपूर होने के कारण पाचन में मदद करता है।
देर तक पेट भरा रखता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती।









