भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई और बेहद उपयोगी सेवा शुरू की है। अब रेल यात्रा के दौरान किसी भी तरह की जानकारी लेने या समस्या दर्ज कराने के लिए यात्रियों को लंबी कॉल करने की जरूरत नहीं होगी। सिर्फ एक SMS भेजकर कई सेवाओं का लाभ उठाया जा सकेगा।
रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर 139 पर SMS सुविधा की शुरुआत कर दी है। पहले इस नंबर पर केवल कॉल के माध्यम से सेवाएं मिलती थीं, जिसमें समय अधिक लगता था। नई SMS सेवा के जरिए अब यात्री तेज, आसान और बिना झंझट के जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
एक SMS में मिलेगी कई जानकारियां
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस सेवा का उद्देश्य यात्रियों को यात्रा के दौरान बेहतर अनुभव देना और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान करना है। 139 SMS सेवा के जरिए अब यात्री:
PNR स्टेटस
ट्रेन का समय
ट्रेन की मौजूदा लोकेशन
स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान की स्थिति
ट्रेन का पूरा रूट
पार्सल की स्थिति
जैसी अहम जानकारियां आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
अब SMS से दर्ज करें शिकायत
अगर ट्रेन या स्टेशन पर यात्रियों को किसी तरह की परेशानी होती है, तो वे SMS के जरिए भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसमें गंदगी, पानी की कमी, शौचालय, बिजली, सुरक्षा जैसी समस्याएं शामिल हैं।
शिकायत मिलते ही रेलवे संबंधित विभाग को सूचित करता है ताकि समस्या का जल्द समाधान हो सके। हालांकि, 139 कॉल सेवा और रेल मदद ऐप पहले की तरह जारी रहेंगे।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, यह पहल यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद सेवा देने की दिशा में एक अहम कदम है।
ऐसे करें 139 SMS सेवा का इस्तेमाल
PNR की जानकारी
SMS करें:PNR <PNR नंबर>
उदाहरण:
PNR 1234567890
ट्रेन की मौजूदा स्थिति
SMS करें:SPOT <ट्रेन नंबर>
उदाहरण:
SPOT 12561
किसी विशेष तारीख की ट्रेन स्थिति
SMS करें:SPOT <ट्रेन नंबर> <DDMMYY>
उदाहरण:
SPOT 12561 150126
किसी स्टेशन पर ट्रेन की स्थिति
SMS करें:SPOT <ट्रेन नंबर> <स्टेशन कोड>
उदाहरण:
SPOT 12561 NDLS
ट्रेन रूट की जानकारी
SMS करें:ROUTE <ट्रेन नंबर>
उदाहरण:
ROUTE 12561
स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान
SMS करें:AD <ट्रेन नंबर> <स्टेशन कोड>
उदाहरण:
AD 12561 NDLS
पार्सल की स्थिति
SMS करें:PRR <पार्सल रेफरेंस नंबर>
उदाहरण:
PRR 1234567890
शिकायत दर्ज करने के लिए (रेल मदद)
SMS करें:MADAD <समस्या का विवरण> <PNR नंबर>
उदाहरण:
MADAD Water Shortage 1234567890
इस नई SMS सेवा से रेल यात्रियों को अब जानकारी पाने और शिकायत दर्ज कराने में काफी सहूलियत मिलेगी। यह सुविधा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद है, जिनके पास स्मार्टफोन या इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता।









