आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग :
आरंग नगर में आयोजित राजा मोरध्वज महोत्सव के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास के कार्यक्रम के दौरान भाजपा के दो मंडल अध्यक्षों के बीच कहासुनी की चर्चा सामने आई।
विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के मंच पर आगमन के समय मंच पर स्थान को लेकर आरंग मंडल अध्यक्ष देवनाथ साहू और मंदिरहसौद मंडल अध्यक्ष गोपाल वर्मा के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की और आपसी गाली-गलौज तक पहुँच गई। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

बताया जा रहा है कि स्थिति को संभालने के लिए मंत्री खुशवंत साहेब को हस्तक्षेप करना पड़ा। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश संगठन एवं सत्ता से जुड़े कई वरिष्ठ नेता भी मौके पर मौजूद थे, जिसके कारण यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बना रहा।
सूत्रों का यह भी कहना है कि आरंग मंडल अध्यक्ष देवनाथ साहू पूर्व में भी विवादों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। जिला स्तर से संरक्षण मिलने के आरोप भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा में हैं, हालांकि इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, भाजपा संगठन या प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।









