Home चर्चा में आखिर मारा गया 20 लोगों को घायल करने वाला सुकमा का दहशतगर्द

आखिर मारा गया 20 लोगों को घायल करने वाला सुकमा का दहशतगर्द

13
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

पागल कुत्ते के मारे जाने के बाद भी खौफ कायम 
अब कटखनी के शिकार हुए मवेशियों और आवारा कुत्तों से डर का माहौल 

जगदलपुर। दो दिन तक पूरे शहर को दहशत में डाले रखने वाला दहशतगर्द आखिरकार मारा गया, मगर वह अपने पीछे डर का माहौल छोड़ गया है। शहरवासियों में डर इस बात को लेकर है कि इस दहशतगर्द ने जिन मवेशियों और आवारा कुत्तों को निशाना बनाया होगा, वे यहां के लोगों के लिए और भी बड़ी मुसीबत बन सकते हैं।
यह दहशतगर्द कोई स्थानीय बदमाश, गुंडा तत्व या पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी नहीं, बल्कि एक पागल हो चुका कुत्ता था। इस पागल कुत्ते ने दो दिनों तक बस्तर संभाग के जिला मुख्यालय सुकमा नगर में आतंक का राज कायम कर रखा था। पागल कुत्ते ने करीब 20 लोगो को काट खाया, कुछ लोगों को गंभीर चोट पहुंचाई। सभी का जिला अस्पताल में उपचार किया गया। वहीं दुसरे दिन नगर पालिका की टीम ने इस दहशतगर्द कुत्ते को राजवाड़ा में पकड़ लिया और पशुधन विभाग की टीम के साथ उचित कार्रवाई की गई।

सुकमा नगर के माहेश्वरी पारा में सबसे पहले पागल कुत्ते ने शुक्रवार को टयूशन पढ़ने जा रही एक बच्ची को पीछे से काट लिया, हालांकि जींस पहने रहने के कारण और आसपास लोगों के आ जाने से बच्ची को यह कुत्ता ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा पाया। उसके बाद उस कुत्ते ने नगर के अलग-अलग इलाकों में करीब 17 लोगों को काट लिया। उधर सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम कुत्ते की खोजबीन में जुट गई, लेकिन रात तक कुत्ते का कोई सुराग नहीं मिल पाया। वही दूसरे दिन फिर से कुत्ते ने 3 लोगों को काट लिया। इनमें से एक बच्ची को कुत्ते ने गंभीर रूप से घायल कर दिया है। उसके बाद नगर पालिका की टीम ने राजवाड़ा में उस कुत्ते को पकड़ लिया। पशुधन विभाग की टीम के साथ् मिलकर उस कुत्ते को मार दिया गया। वहीं सभी घायलों का जिला अस्पताल में ईलाज चल रहा है। डाक्टरों ने बताया कि सभी को एंटी रेबीज के टीके लगाए गए है और सभी ठीक हैं।

अभी दूर नहीं हुआ है खौफ
दो दिनों से पागल कुत्ते ने घूम घूम कर 20 लोगों पर हमला किया है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि और भी नगर में ऐसे मवेशी और अवारा कुत्ते होंगे, जिन्हे इस पागल कुत्ते ने काटा होगा। जिसके बाद यह चिंता सता रही है कि कही वो कुत्ते भी पागल ना हो जाएं। ऐसे में नगर पालिका की टीम लगातार इलाके की सर्चिग कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here