सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में डर का माहौल बन गया। यह झटका सुबह करीब 8 बजकर 44 मिनट पर आया।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 मापी गई। इसका केंद्र उत्तर दिल्ली में स्थित था और इसकी गहराई जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
हालांकि भूकंप की तीव्रता कम थी, लेकिन अचानक आए झटकों के कारण कई लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है और हालात पूरी तरह सामान्य बने हुए हैं।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर दिल्ली-एनसीआर में यह दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले भूकंप का केंद्र हरियाणा के सोनीपत क्षेत्र में था, जिसके असर दिल्ली तक महसूस किए गए थे।
वहीं देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो हाल ही में गुजरात के कच्छ जिले में भी 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। यह झटका देर रात आया था, जिससे स्थानीय लोगों में घबराहट फैल गई थी। भूकंपीय अनुसंधान संस्थान के अनुसार, उसका केंद्र खावड़ा क्षेत्र के पास स्थित था।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की गई है।









