कोरबा संवाददाता – हेमचंद सोनी
गेवरा दीपका
एसईसीएल गेवरा माइंस में ओवरबर्डन और कोयला उत्खनन कार्य में पीएनसी कंपनी नियोजित किया गया है । PNC कंपनी पर बेरोजगारों से अवैध वसूली लेकर कंपनी में भर्ती के जाने का आरोप लग रहे हैं।जो अब विवादों के घेरे में आ गई है। भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय बेरोजगारों, भू-विस्थापितों और प्रभावित परिवारों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए नगर पालिका दीपका के कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय दलों से जुड़े 10 से 12 पार्षदों ने दीपका के कटघोरा रोड स्थित PNC कंपनी कार्यालय का घेराव किया।
यहां कंपनी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय रोजगार अपना रिज्यूम लेकर अपनी नौकरी की आस में रोज पहुंच रहे हैं।
नगर पालिका के पार्षदों का कहना है कि कंपनी द्वारा क्षेत्रीय लोगों को दरकिनार कर बाहरी व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो न सिर्फ नियमों के खिलाफ है बल्कि स्थानीय युवाओं के साथ खुला अन्याय भी है।
घेराव के दौरान पार्षदों ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर ₹50 हजार से ₹1 लाख तक की कथित अवैध मांग की जा रही है। यदि ये आरोप सही हैं, तो यह पूरे भर्ती सिस्टम पर सवाल खड़े करता है और गरीब बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
मामले की सूचना मिलते ही दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि जल्द ही कंपनी प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की संयुक्त बैठक कर भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट निर्णय लिया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष हर्षित देवी राजपूत ने लगाया आरोप
दीपका नगर पालिका की नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस नेत्री हर्षित देवी राजपूत ने कहा कि दीपका क्षेत्र के बेरोजगार लोगों की PNC कंपनी में भर्ती नहीं हो रही है जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और वही नौकरी के बदले अवैध वसूली की शिकायत भी मिली है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीएनसी ने कहा बेबुनियाद आरोप
पीएनसी कंपनी के एचआर हेड अशोक राय ने कहा कि हमने दीपका में कुछ दिनों के लिए अस्थाई कार्यालय बनाया है लेकिन कुछ लोग द्वारा मामले को गलत ढंग से पेश कर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं और यहां तक कहां जा रहा है कि यदि हमारे लोगों को नौकरी नहीं देंगे तो आप अपना ऑफिस कार्यालय बंद करें
अभी वर्तमान में हमारा काम एसईसीएल गेवरा में चल रहा है तो हमारी पहली प्राथमिकता है कि हम गेवरा के भोग स्थापितों को पहली प्राथमिकता के आधार पर रखेंगे हमारे पास जैसे जैसे वैकेंसी आएगी हम स्थानीय लोगों को कंपनी गाइडलाइन के तहत भर्ती करेंगे।
अशोक राय
HR PNC









