महासमुंद संवाददाता – अब्दुल रफ़ीक खान
330 कट्टा धान जब्त, किसान से 21 एकड़ रकबा कराया गया समर्पण
महासमुंद।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग प्रकरणों में 330 कट्टा अवैध धान जब्त किया है तथा एक किसान से 21 एकड़ रकबे का समर्पण भी कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम खिराडेरा में अवैध रूप से धान संग्रहण की सूचना मिलने पर मंडी अमले ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच में वहां से 250 कट्टा धान जब्त किया गया। संबंधित प्रकरण में मंडी अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
वहीं तहसील बसना अंतर्गत ग्राम अंकोरी में अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए 80 कट्टा धान पकड़ा गया, जिस पर मंडी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार पिथौरा विकासखंड के ग्राम भुरकोनी (बिराजपाली) में किसान बृजलाल साव के निवास पर धान का सत्यापन किया गया। जांच में सामने आया कि किसान का कुल पंजीकृत रकबा 39 एकड़ है, जिसमें से 21 एकड़ भूमि पर धान की फसल नहीं पाई गई। इस पर किसान ने 21 एकड़ रकबा समर्पण करने की सहमति दी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान संग्रहण एवं परिवहन करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि समर्थन मूल्य प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।









