Home मुख्य ख़बरें कुवैत–दिल्ली इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, अहमदाबाद में कराई...

कुवैत–दिल्ली इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, अहमदाबाद में कराई गई आपात लैंडिंग

42
0

अहमदाबाद। कुवैत से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को शुक्रवार को बम और हाईजैक की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया। विमान में कुल 180 यात्री सवार थे। धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और फ्लाइट को दिल्ली के बजाय अहमदाबाद डायवर्ट किया गया।

सूत्रों के अनुसार, विमान के भीतर टिश्यू पेपर पर लिखी धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। संदेश में फ्लाइट को हाईजैक करने और बम से उड़ाने की बात लिखी हुई थी। जैसे ही यह जानकारी क्रू मेंबर्स को मिली, तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पायलट ने तत्काल नजदीकी सुरक्षित एयरपोर्ट पर लैंडिंग का फैसला लिया।

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विमान, यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की। जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है।

एयरपोर्ट पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पूरी तलाशी प्रक्रिया सावधानीपूर्वक की गई और सभी मानक सुरक्षा नियमों का पालन किया गया। फिलहाल विमान की तकनीकी और सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई है, हालांकि उड़ान के दोबारा रवाना होने में कुछ समय लग सकता है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों से बम धमकियों से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं, जिसको देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर सूचना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर रही हैं। इस मामले में भी जांच एजेंसियां धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here