अब्दुल रफ़ीक खान/कोमाखान | 30 जनवरी 2026 धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध परिवहन करने वालों के हौसले पस्त करने के लिए महासमुंद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के सख्त निर्देशानुसार, जिले में अवैध धान की आवक रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
SDM के नेतृत्व में हुई बड़ी संयुक्त कार्रवाई
आज बागबाहरा एसडीएम नमिता मारकोले के नेतृत्व में राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की।
कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है:
01 (कोमाखान-टुहलु क्षेत्र): टीम ने घेराबंदी कर 480 कट्टा अवैध धान का परिवहन करते हुए एक वाहन को रंगे हाथों पकड़ा। मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई कर वाहन को कोमाखान टुहलु चौकी के सुपुर्द कर दिया गया है।
02 (टेमरी चेक पोस्ट): कोमाखान के टेमरी चेक पोस्ट पर सघन जांच के दौरान एक अन्य संदिग्ध वाहन को रोका गया, जिसमें 540 पैकेट अवैध धान लदा था। इस वाहन को जब्त कर मंडी समिति को सौंप दिया गया है।
कलेक्टर की सख्त चेतावनी
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले की सीमाओं और संवेदनशील केंद्रों पर निगरानी और कड़ी कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि:
“किसी भी सूरत में बिचौलियों या कोचियों के माध्यम से अवैध धान की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी नियम विरुद्ध परिवहन करेगा, उस पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।”









