पाकिस्तान सरकार ने आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मंजूरी दे दी है, लेकिन इसके साथ ही एक अहम शर्त भी रखी गई है। सरकारी आदेश के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में हिस्सा नहीं लेगी। यानी टूर्नामेंट में पाकिस्तान खेलेगा, लेकिन बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबला नहीं होगा।
पाकिस्तान सरकार ने इसकी आधिकारिक घोषणा Government of Pakistan के X (पूर्व ट्विटर) हैंडल के जरिए की। पोस्ट में कहा गया, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मंजूरी देती है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच नहीं खेलेगी।”
बताया जा रहा है कि यह फैसला इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के हालिया निर्णयों के विरोध में लिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी पहले ही आईसीसी पर दोहरा रवैया अपनाने और बीसीसीआई के प्रभाव में काम करने के आरोप लगा चुके हैं।
दरअसल, ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया था। पाकिस्तान सरकार का कहना है कि यह फैसला पक्षपातपूर्ण है, इसी के विरोध में भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट किया गया है।







