Home मुख्य ख़बरें बीएमसी मेयर चुनाव में सियासी घमासान, बहुमत के बावजूद ठाकरे सेना ठोकेगी...

बीएमसी मेयर चुनाव में सियासी घमासान, बहुमत के बावजूद ठाकरे सेना ठोकेगी दावा

93
0

मुंबई का मेयर और डिप्टी मेयर कौन होगा, इसके लिए 11 फरवरी को चुनाव होगा। बीएमसी में मेयर और उप मेयर पद के इस चुनाव में ठाकरे सेना भी अब ताल ठोक रही है। ठाकरे सेना भी मेयर और डिप्टी मेयर के लिए अपना उम्मीदवार उतार सकती है। बता दें कि बीएमसी में महायुति के पास 118 पार्षदों का बहुमत है, ऐसे में महायुति का मेयर और उप महापौर आसानी से चुनकर आ सकते हैं। वहीं संख्याबल नहीं होने के बावजूद भी उद्धव की  शिवसेना (UBT) मेयर चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारने पर विचार कर रही है।

इस संदर्भ में अंतिम फैसला लेने के लिए आज दोपहर 12:30 बजे मातोश्री में बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में उद्धव ठाकरे, शिवसेना(UBT) के मुंबई के विधायक और कुछ पार्षद मौजूद रहेंगे। मेयर पद के चुनाव के लिए 7 फरवरी को नामांकन दाखिल करना है और 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे मेयर पद का चुनाव होगा और डिप्टी मेयर भी इसी दिन चुना जाएगा।

बता दें कि साल 2022 में बीएमसी नगरसेवकों का कार्यकाल खत्म हो जाने के बाद कमिश्नर को ही प्रशासक की भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस बार के मेयर का पूरा चुनाव बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी की देखरेख में ही कराया जाएगा। इसके बाद बीएमसी का बजट पेश किया जाएगा। हर साल यह बीएमसी का बजट 5 फरवरी तक पेश किया जाता रहा है, लेकिन इस बार मेयर के चुनाव के बाद ही बजट पेश होगा।

बीएमसी के मेयर पद के लिए राजश्री शिरवडकर, रितु तावडे और शीतल गंभीर के नामों की चर्चा है। लेकिन ये बात भी सामने आ रही है कि सत्ता बंटवारे में शिंदे सेना के कोटे में डिप्टी मेयर के साथ सुधारसमिति, बेस्ट समिति का अध्यक्ष पद आ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here