कुसमी बलरामपुर
संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भीम सिंह एवं प्रमुख अभियंता पीआरडी के.के. कटारे द्वारा बलरामपुर–रामानुजगंज जिले में निर्माणाधीन पीएम जनमन सड़कों का दो दिवसीय गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिले की कुल छह सड़कों की गुणवत्ता जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के हितग्राहियों से सीधे संवाद किया और पीएम जनमन सड़कों से उनके दैनिक जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि सड़कों के निर्माण से आवागमन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पहाड़ी कोरवा बिफना राम एदगे ने बताया कि पहले धान को मोटरसाइकिल से मंडी ले जाना पड़ता था, जबकि अब ट्रैक्टर से पूरा लोड आसानी से पहुंचाया जा रहा है।
वहीं पहाड़ी कोरवा सूखना हसदा एवं परमेश्वर हसदा ने सड़क में डामर की मोटाई बढ़ाने की मांग रखी। गुरेन्दर नामक ग्रामीण ने बताया कि अब उनके आवास निर्माण के लिए ईंट और सीमेंट जनमन सड़क के माध्यम से आसानी से पहुंच रहा है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क से जुड़े अधिकांश पहाड़ी कोरवा परिवारों से बातचीत की। इस दौरान यह भी सामने आया कि कई हितग्राहियों को यह जानकारी नहीं थी कि सड़क किस योजना के अंतर्गत बनाई जा रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता को जनमन योजना के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। पंचायत बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा वाल राइटिंग के माध्यम से योजना की जानकारी देने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान पास्ता–चिलमखुर्द पीएमजीएसवाई सड़क से बासीमुड़ा तक किए गए डामर कार्य में गंभीर खामियां पाई गईं, जिस पर प्रमुख अभियंता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने नाराजगी जताई। संबंधित उप अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ठेकेदार को पूरी सड़क पर बीटी सरफेस दोबारा करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा तोमर भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









