आज बिलासपुर पुलिस लाइन के चेतना सभागार में संभाग आयुक्त अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं DIG सह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह की प्रत्यक्ष एवं शामिल जिलों कोरबा_ रायगढ़_ जांजगीर_ चांपा_ मुंगेली_जी पी एम_ सारंगढ़ एवं सक्ती के पुलिस अधीक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति में “ अनुभव ” क्यू आर कोड का शुभारंभ हुआ। इन पलों में अनुभव के प्रणेता पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने बताया कि पुलिस और आम जन सरल तकनीक के माध्यम से परस्पर समन्वय के साथ अपने अनुभव साझा कर सके इस हेतु पहल करते हुए अनुभव QR Code प्रारम्भ की जा रही है, जिसमें पुलिस के सभी थानों और अन्य कार्यालयों में क्यू आर कोड लगा दिए गए हैं, जिसे अपने मोबाइल से स्कैन करके कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या के साथ पुलिसिंग को लेकर अनुभव शेयर कर सकता है।
उन्होंने इसके फंक्शन पर चर्चा करते हुए बताया कि QR Code को स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलता है, जिसमें प्रश्नोत्तर के माध्यम से संबंधित व्यक्ति अपना संदेश दे सकता है,जो सबमिट करने पर सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में दर्ज हो जाएगा।
ज्ञात हो कि फीडबैक देने वाला व्यक्ति चाहे तो अपनी पहचान और मोबाइल नंबर भी गोपनीय रख सकता है जिसे पूरी तरह से वैकल्पिक रखा गया है।
IG गर्ग ने आगे बताया कि आज से ही अंचल के सभी आठ जिलों में एक साथ इस अनुभव सिस्टम का शुभारंभ किया जा रहा है, जिसके लिए सभी थानों में क्यू आर कोड की स्थापना कर दी गई है।
इस QR Code system पर अनुभव के शुभारंभ के पलों में संभागायुक्त अनिल जैन ने कहा कि नवाचार को अपनाना वर्तमान समय की मांग है और हम अपने कार्य के लिए स्वयं पर्यवेक्षक नहीं हो सकते तथा हम जनता के सेवक हैं, इसलिए हमारे काम का पर्यवेक्षण भी आमजन के द्वारा ही किया जाना चाहिए तो वहीं कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पुलिस प्रशासन की ऐसी पहल है जिससे आम जन अपना अनुभव और समस्याएं बिना किसी वरिष्ठ कार्यालय के चक्कर काटे ही सीधे बता सकते हैं और अपनी बात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं।
इस कार्यक्रम में बिलासपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अपने उद्बबोधन में पुलिस महानिरीक्षक की इस पहल को सार्थक बताते हुए कहा कि अब इससे थाने आने वाले फरियादियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर पुलिस व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
इस संबंध में राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग (विधि) एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने प्रतिक्रिया में अनुभव QR Code को वक्त की मांग बताते हुए कहा कि अनुभव आम जन की सहभागिता से बेहतर पुलिसिंग का जरिया बनेगा जिसके लिए पुलिस महानिरीक्षक की सोच तारीफ ए काबिल है तथा उम्मीद की जा रही है कि उनकी तीखी नजर इस महत्वाकांक्षी पहल की सफलता को सुनिश्चित करेगा।









