बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
अलनार (लोहंडीगुड़ा ब्लॉक)।
स्कूल स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, लोहंडीगुड़ा ब्लॉक अलनार के छात्र-छात्राओं ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा आयोजित “परीक्षा पर चर्चा” के नौवें संस्करण का सजीव प्रसारण विद्यालय परिसर में देखा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए परीक्षा के तनाव को दूर करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान किया।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने संबोधन में परीक्षा को भय नहीं, बल्कि सीखने और आत्ममंथन का अवसर बताते हुए विद्यार्थियों को मन की शांति, अनुशासन और संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया। उनका यह संवाद विद्यार्थियों के लिए न केवल प्रेरक बल्कि जीवन-दृष्टि विकसित करने वाला सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लैखन राम बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि “माननीय प्रधानमंत्री जी का ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम विद्यार्थियों के मानसिक, नैतिक और बौद्धिक विकास के लिए एक अत्यंत सार्थक राष्ट्रीय पहल है। यह संवाद बच्चों को तनावमुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और उन्हें जीवन की चुनौतियों के लिए मानसिक रूप से सशक्त बनाता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि “ऐसे कार्यक्रम शिक्षा को केवल परीक्षा तक सीमित न रखकर जीवन मूल्यों, सकारात्मक सोच और संतुलित व्यक्तित्व के निर्माण से जोड़ते हैं। विद्यालय परिवार इस प्रकार की प्रेरक पहलों का पूर्ण समर्थन करता है।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाएं स्पंदन पाराशर, पूजा रंगारी, योगिता सोढ़ी, लीना ठाकुर, कृति रथ तथा शिक्षक संजय मांडवी, श्रीकांत कश्यप, चूलेश्वर, साथ ही सहायक कर्मचारी कैलाश सेठिया एवं नीलाम बाड़ा भी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के साथ कार्यक्रम को एकाग्रता और उत्साहपूर्वक देखा तथा इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी और प्रेरणादायी बताया।









