Home चर्चा में ऑपरेशन सोनचिरैया का सराहनीय कदम: लिंक रोड पर चला विशेष स्वच्छता अभियान

ऑपरेशन सोनचिरैया का सराहनीय कदम: लिंक रोड पर चला विशेष स्वच्छता अभियान

1
0

जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेंद्र प्रसाद जायसवाल

चांपा जांजगीर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में सामाजिक संगठन ऑपरेशन सोनचिरैया द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दिनांक 08 फरवरी 2025 को लिंक रोड स्थित अवतार ऑप्टिकल के सामने एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। लंबे समय से जमा कचरे और गंदगी से प्रभावित इस क्षेत्र को संस्था के सदस्यों ने श्रमदान कर स्वच्छ एवं व्यवस्थित रूप दिया।

सुबह से शुरू हुए इस अभियान में युवाओं का उत्साह देखने लायक था। पार्थ तिवारी, निखिल कहरा, महेंद्र चौहान, पिंटू यादव, अविरल तिवारी, समर्थ तिवारी, लक्ष्य लडेर, हसप्रीत पाल, अंश साहू एवं अवजोतपाल शुक्ला ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सड़क किनारे फैले कचरे, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाया। टीम ने न केवल सफाई की, बल्कि आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को भी स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से शहर में सकारात्मक संदेश जाता है और लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी ऑपरेशन सोनचिरैया द्वारा नैकमीट, लिंक रोड के सामने स्वच्छता अभियान चलाया गया था, जिसे स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन मिला था।

संस्था के सदस्यों ने बताया कि ऑपरेशन सोनचिरैया का मुख्य उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि जनमानस में स्वच्छता के प्रति स्थायी सोच विकसित करना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएँ, प्लास्टिक का उपयोग कम करें तथा स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
जांजगीर शहर में युवाओं द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास निश्चित ही सामाजिक परिवर्तन की दिशा में प्रेरणादायक कदम हैं। यदि नागरिक और प्रशासन मिलकर इसी तरह सहयोग करें, तो स्वच्छ और आदर्श शहर का सपना साकार हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here