भरतपुर संवाददाता – जवाहर यादव
एमसीबी जिले के भरतपुर विकासखंड अंतर्गत वनांचल क्षेत्र चांग़ भखार ग्राम पंचायत भगवानपुर के ग्राम रेद में आज भी ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। गांव को जोड़ने वाली करीब ढाई किलोमीटर लंबी सड़क की हालत बेहद जर्जर है, जिससे ग्रामीणों का आना-जाना दूभर हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क सालभर चलने लायक नहीं रहती। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। इसी मार्ग से गांव के अधिकांश लोग रोज़मर्रा की आवाजाही करते हैं, लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूली शिक्षक, एम्बुलेंस, राहगीर और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
एक ओर जहां सरकार गली-गली और हर गांव को सड़क से जोड़ने के दावे कर रही है, वहीं ग्राम रेद की यह सड़क आज भी विकास से कोसों दूर है। ग्रामीणों ने मांग की है कि यदि डामरीकरण या सीसी रोड संभव नहीं है, तो कम से कम मुरूमकरण कराकर सड़क को दुरुस्त किया जाए। इसके लिए पंचायत एजेंसी या विधायक मद से तत्काल फंड उपलब्ध कराया जाए।
इस संबंध में स्वयं प्रतिनिधि एवं भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग महामंत्री श्री सुदर्शन यादव ने कहा कि इस सड़क से दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है और गांव वालों का दैनिक निस्तार भी इसी मार्ग से होता है, लेकिन न तो पंचायत एजेंसी ध्यान दे रही है और न ही स्थानीय स्तर पर कोई ठोस पहल हो रही है। उन्होंने सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि इस खबर का प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर कोई असर होता है या फिर यह मामला भी केवल खानापूर्ति बनकर रह जाएगा। फिलहाल ग्रामीण खराब सड़क पर चलने को मजबूर हैं और बुनियादी सुविधा की आस लगाए बैठे हैं।









