Home कोरबा ये पांच बातें गांठ बांध लें तो स्वयं को श्रेष्ठ और भारत...

ये पांच बातें गांठ बांध लें तो स्वयं को श्रेष्ठ और भारत को विकसित बना सकते हैं: डाॅ हरिशचंद्र द्विवेदी

3
0
कोरबा। देश-समाज को बेहतर दिशा की ओर अग्रसर करने से पहले हमें मानव होने के नाते सर्वप्रथम स्वयं को श्रेष्ठ बनाने की ओर काम करने की जरुरत है। हम केवल इन पांच बातों को गांठ बांध लें, तो अपने जीवन को श्रेष्ठ बना सकते हैं और विकसित भारत-2047 का लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। पेड़ लगाएं, पानी बचाएं, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें, भेद-भाव त्याग कर सामाजिक समरसता को जीवन में शामिल करें और स्वयं का बोध करें।
 
ये अमूल्य विचार मध्यप्रदेश से आए शासकीय शिक्षा महाविद्यालय रीवा के वरिष्ठ एवं अनुभवी प्राध्यापक डाॅ हरिशचंद्र द्विवेदी ने बीएड प्रशिक्षार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कहीं। गुरुवार को कमला नेहरु महाविद्यालय कोरबा के शिक्षा संकाय में बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान डाॅ द्विवेदी ने कहा कि शिक्षा प्राप्त कर लेना काफी नहीं है। स्वयं को जिम्मेदार व कुशल नागरिक के रुप में ढालना भी उतना ही जरुरी है और तभी हम अपने इस विकासशील देश को विकसित भारत में रुपांतरित कर सकते हैं। उन्होंने पांच गूढ़ बातों को विस्तारित करते हुए कहा कि सर्वप्रथम हम यह मानें कि धरती हमारी माता है। विश्वबंधुत्व का यह विचार मन में हो तो हम कभी भ्रष्टाचार नहीं करेंगे, दूसरों को खुद से कमतर नहीं आंकेंगे और भेद-भाव की दुर्भावना से परे होकर पूरे भारत को एकता के सूत्र में पिरोया जा सकेगा। दूसरी बात यह कि हम अपनी संस्कृति, भाषा, भूषा और भवन का सम्मान करें। अपनी वेशभूषा धारण करें, मातृभाषा या राष्ट्रभाषा का प्रयोग करें। तीसरी बात यह कि प्रकृति व पर्यावरण को बचाने की नैतिक जिम्मेदारी निभाएं, पौधरोपण करें और सिंगल यूज प्लास्टिक को जीवन से बाहर करें। चैथी बात यह कि पानी बचाएं, शिक्षा के साथ-साथ स्वयं का कौशल निखारें, कुशल बनें और किसी भी काम को छोटा न समझें। सबसे महत्वपूर्ण यह कि भविष्य के लिए जल बचाएं, क्यों हम सब जानते हैं कि बिन पानी सब सून।
शाॅल-श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंटकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में वाणिज्य एवं वित्तीय अध्ययन विभाग के प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डाॅ अतुल कुमार दुबे भी मौजूद रहे और मार्गदर्शन प्रदान किया। परिसर में पौधरोपण किया।
कार्यक्रम के अंत में कमला नेहरु महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर एवं शिक्षा संकाय की विभागाध्यक्ष डाॅ भारती कुलदीप ने शाॅल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर डाॅ अतुल कुमार दुबे व डाॅ हरिशचंद्र द्विवेदी का सम्मान किया। इस अवसर पर श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय कोरबा में सहायक प्राध्यापक डाॅ किरण वाजपेयी, डाॅ अंजू खेस्स, श्रीमती प्रीति द्विवेदी, नितेश यादव, शंकर यादव, राकेश गौतम एवं कुणाल दासगुप्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here