Home मुख्य ख़बरें 5 दिनों में कमाल: सुरेश दुआ बने छत्तीसगढ़ के पहले ‘सुपर रैंडोन्यूर’,...

5 दिनों में कमाल: सुरेश दुआ बने छत्तीसगढ़ के पहले ‘सुपर रैंडोन्यूर’, रचा नया इतिहास

3
0

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अनुभवी साइकिलिस्ट सुरेश दुआ ने अद्भुत जज़्बा और असाधारण सहनशक्ति का प्रदर्शन करते हुए महज़ पांच दिनों में ‘सुपर रैंडोन्यूर’ (SR) का प्रतिष्ठित खिताब हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वे राज्य के पहले साइकिलिस्ट बन गए हैं, जिन्होंने लगातार पांच दिनों में यह उपलब्धि अपने नाम की है।

7 से 11 फरवरी के बीच दुआ ने 600 किमी, 200 किमी, 300 किमी और 400 किमी की कठिन ब्रेवेट राइड्स सफलतापूर्वक पूरी कीं। इन राइड्स का आयोजन रायपुर स्थित रैंडोन्यूर क्लब द्वारा किया गया था। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इतनी लंबी दूरी की चारों राइड्स को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण माना जाता है।

रैंडोन्यूर साइकिलिंग की अंतरराष्ट्रीय संस्था Audax Club Parisien द्वारा ‘सुपर रैंडोन्यूर’ की मान्यता दी जाती है। इस खिताब के लिए किसी भी साइकिलिस्ट को एक कैलेंडर वर्ष (1 जनवरी से 31 दिसंबर) के भीतर 200 किमी, 300 किमी, 400 किमी और 600 किमी की ब्रेवेट श्रृंखला निर्धारित समय में पूरी करनी होती है। तय मानकों के अनुसार 200 किमी के लिए 13.5 घंटे, 300 किमी के लिए 20 घंटे, 400 किमी के लिए 27 घंटे और 600 किमी के लिए 40 घंटे की समय-सीमा निर्धारित है।

आयोजकों के मुताबिक सुरेश दुआ ने 7 फरवरी को 600 किमी की दूरी 26 घंटे 33 मिनट में पूरी की। इसके बाद 9 फरवरी को 200 किमी की राइड 8 घंटे 58 मिनट में, 10 फरवरी को 300 किमी की दूरी 13 घंटे 45 मिनट में और 11 फरवरी को 400 किमी की चुनौती 17 घंटे 40 मिनट में पूरी कर दिखाई। लगातार चार दिनों में इतनी लंबी दूरी तय करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

यह पहला मौका नहीं है जब सुरेश दुआ ने यह खिताब हासिल किया हो। इससे पहले वे वर्ष 2025 में छह दिनों में यही ब्रेवेट श्रृंखला पूरी कर चुके हैं। अब तक वे कुल 12 बार ‘सुपर रैंडोन्यूर’ का खिताब जीत चुके हैं, जो उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और फिटनेस का प्रमाण है।

सुरेश दुआ वर्तमान में एनआईटी रायपुर में कार्यरत हैं और शहर के सक्रिय साइकिलिंग समूहों से जुड़े हुए हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल रायपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के साइकिलिंग समुदाय के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here