Home चर्चा में अपनी जिद के पक्के निकले विधायक विक्रम मंडावी

अपनी जिद के पक्के निकले विधायक विक्रम मंडावी

2
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

एसपी के रोक लगाने के बाद भी अतिसंवेदनशील गांव में पहुंचे मंडावी 
विधायक विक्रम ने नेशनल पार्क क्षेत्र के ग्रामीणों से की सीधी बातचीत 
जगदलपुर। जब अवाम के वोट से विधायक चुने गए हैं, तो अवाम की फिक्र करना विधायक की जिम्मेदारी होती है, भले ही उसके लिए जान की बाजी क्यों न लगानी पड़े। कुछ ऎसी ही जिद के पक्के निकले बीजापुर के वरिष्ठ कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी, जिन्होंने सुरक्षा कारणों से एसपी की मनाही के बावजूद अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भोपालपट्टनम एवं भैरमगढ़ ब्लॉक के इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र में स्थित विभिन्न ग्राम पंचायतों का सघन दौरा किया।
इस दौरान विधायक विक्रम मंडावी ने नेशनल पार्क एरिया के अति संवेदनशील गांव पीलूर, छोटे काकलेड, बड़े काकलेड, एडापल्ली, सांड्रा तथा सागमेटा ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

विधायक विक्रम मंडावी के आगमन पर इन दूरस्थ इलाकों के ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने विधायक विक्रम मंडावी को अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की और लंबे समय से लंबित अपनी समस्याओं को उनके सामने रखा। नेशनल पार्क क्षेत्र होने के कारण यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी लंबे समय से एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष मुख्य रूप से नेशनल पार्क क्षेत्र में पीढ़ियों से निवासरत लोगों का विस्थापन नहीं करने, पक्की सड़कों का निर्माण और सुधार, बिजली की उपलब्धता और नियमित आपूर्ति, पेयजल की व्यवस्था तथा पानी के टैंकरों की नियमित आपूर्ति, मोबाइल नेटवर्क की मजबूत कनेक्टिविटी, धान खरीदी केंद्र की स्थापना या निकटतम केंद्रों तक आसान पहुंच, वन अधिकार पट्टा (एफआरए पट्टों) का वितरण और मान्यता, तेंदूपत्ता तोड़ाई में बेहतर सुविधाएं एवं उचित मूल्य, स्कूल एवं आश्रम की बेहतर व्यवस्था एवं सुधार और अस्पतालो की मांग की है। इन सभी मांगों को लेकर ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष विस्तार से अपनी पीड़ा व्यक्त की। क्षेत्र के आदिवासी बहुल इलाके में ये समस्याएं विकास की राह में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई हैं। जहां पहुंचना ही चुनौतीपूर्ण है।

विधायक विक्रम ने ग्रामीणों की बातें ध्यान से सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि वे शासन-प्रशासन के उच्च स्तर पर इन सभी मांगों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा आपकी हर समस्या मेरी समस्या है। इन मुद्दों को विधानसभा में भी उठाऊंगा। संबंधित विभागों से बातचीत कर जल्द से जल्द इनका समाधान करवाने का पूरा प्रयास करूंगा। विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे एकजुट रहें। अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखें। इस दौरे के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसन्त ताटी, सोमारू कश्यप, मिच्चा मुतैया, अशोक मडे, सुरेंद्र चापा, मिच्चा समैया, शैलेश मण्डावी, पुरषोतम खत्री, अरुण वासम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण और कांग्रेसजन शामिल थे।

विधायक का यह दौरा नेशनल पार्क जैसे संवेदनशील क्षेत्र में विकास कार्यों की आवश्यकता और स्थानीय लोगों में एक नई उम्मीद जगा रहा हैं। विधायक के प्रयासों से इन गांवों में जल्द ही बुनियादी सुविधाएं पहुंचेंगी और उनका जीवन स्तर बेहतर होगा।

धुर नक्सल क्षेत्र है यह
विधायक विक्रम मंडावी ने इन क्षेत्रों में दौरे के लिए एसपी जितेंद्र यादव को पत्र लिखा था। इस पर एसपी ने सुरक्षा व नक्सल गतिविधियों का हवाला देकर दौरे की अनुमति नहीं दी थी लेकिन विधायक विक्रम मंडावी ने अपनी जिद से इन क्षेत्रों का दौरा कर उत्साहित ग्रामीणों से मिले। सरकार के दबाव में एसपी ने मुझे इन क्षेत्रों में दौरा करने रोका जा रहा था। लेकिन मैने पर अपने प्रस्तावित कार्यक्रम को पूरा किया। विधायक विक्रम मंडावी ने बताया कि इस क्षेत्र के ग्रामीणों ने विकास के लिए कई मांगें रखी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here