कोरबा –
श्रम विभाग के अंतर्गत छ.ग. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल एवं छ.ग. असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से श्रमिकों को लाभान्वित किये जाने हेतु श्रम विभाग कोरबा द्वारा श्रमिक सम्मेलन का आयोजन राजीव गाँधी ऑडिटोरियम टी.पी. नगर कोरबा में दिनांक 18 फरवरी बुधवार को सुबह 11 बजे से किया जायेगा ! कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री लखन लाल देवांगन जी, माननीय मंत्री वाणिज्य, उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी), श्रम छ.ग. शासन होंगे! अध्यक्षता मान. सांसद कोरबा लोकसभा श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत जी करेंगी! कार्यक्रम में मान. महापौर नगर पालिक निगम कोरबा श्रीमती संजू देवी राजपूत जी, मान. अध्यक्ष जिला पंचायत कोरबा डॉ. पवन कुमार सिंह जी, मान. सभापति नगर पालिक निगम कोरबा श्री नूतन सिंह ठाकुर जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे!
उक्त कार्यक्रम में श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी विभाग के अधिकारी/कर्मचारी द्वारा प्रदान किया जायेगा ! कार्यक्रम स्थल में श्रमिक भाई बहनों हेतु श्रमिक पंजीयन/नवीनीकरण काउंटर के साथ ही साथ स्वास्थ्य परीक्षण की भी सुविधा उपलब्ध होगी ।
सहायक श्रम आयुक्त कोरबा द्वारा उक्त कार्यक्रम में जिले के श्रमिक साथियों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने एवं शासन की श्रमिक हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठाने का आह्वान किया गया है! उनके द्वारा समस्त जनप्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम में शामिल होकर श्रमिक सम्मेलन को सफल बनाने का आग्रह किया गया है!
पंजीयन हेतु आवश्यक दस्तावेज
निर्माण श्रमिक जैसे रेजा कुली, राजमिस्त्री, बढ़ई, प्लम्बर, इलेक्ट्रीशियन एवं अन्य निर्माण कार्यों में संलग्न श्रमिक साथी छ. ग. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल में पंजीयन हेतु अपने ओरिजिनल आधार, बैंक पासबुक, परिवार के सदस्यो के आधार, 01 वर्ष में 90 दिवस निर्माण कार्य करने के सम्बन्ध में नियोजन की जानकारी, ओ. टी. पी. हेतु मोबाइल के साथ आये एवं लाइव फोटो हेतु स्वयं उपस्थित रहें! ऐसे निर्माण श्रमिक ज़ो पूर्व से पंजीकृत हैं एवं पंजीयन हुए 05 वर्ष पूर्ण हो चुका है वे श्रमिक कार्ड के नवीनीकरण हेतु उपरोक्त दस्तावेज एवं पंजीयन कार्ड के साथ आये!
असंगठित क्षेत्र के श्रमिक साथी जैसे धोबी, दर्जी, नाई, बुनकर, ऑटो रिक्शा चालक, सफाई कर्मकार, दुकान में कार्यरत मजदूर, गैरेज मजदूर, चाय चाट ठेला लगाने वाले, मितानिन, कोटवार, आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं सहायिका इत्यादि छ.ग. असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल में पंजीयन हेतु अपने ओरिजिनल आधार, बैंक पासबुक, परिवार के सदस्यो के आधार, आय प्रमाण पत्र (पार्षद/सरपंच/पटवारी द्वारा जारी), ओ. टी. पी. हेतु मोबाइल के साथ आये एवं लाइव फोटो हेतु स्वयं उपस्थित रहें!









