योगेन्द्र राठौर/बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर मंगलवार 17 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने ज्वेलर व्यापारी संतोष तिवारी को रोककर न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उनकी मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार (क्रमांक CG 10 AH 7707) लूटकर फरार हो गए।
घायल व्यापारी बताया जा रहा है कि लूटी गई कार में सोने-चांदी के जेवर भी रखे हुए थे, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। हमलावरों ने व्यापारी के सिर पर हथौड़ी से वार किया, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना स्थल से पुलिस को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। आरोपियों द्वारा एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 10 P 0331) और एक अन्य कार (CG 10 BJ 8147) मौके पर ही छोड़कर भागने की जानकारी मिली है। इसके अलावा एक मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस (जो चलाए नहीं गए) भी बरामद किए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य, एएसपी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। रेंज आईजी गर्ग ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह वारदात केवल लूट के इरादे से की गई या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी है। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।शहर में हुई इस घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।









