कोरबा ।
जिले में बोर्ड परीक्षाओं का माहौल बनते ही विद्यार्थियों के बीच उत्साह और हल्की चिंता दोनों का वातावरण देखा जा रहा है। ऐसे समय में जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं के नाम प्रेरक संदेश जारी करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया है।
उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निकिता जायसवाल ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा केवल अंक प्राप्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और परिश्रम की वास्तविक परीक्षा भी है। विद्यार्थियों ने पूरे वर्ष जो मेहनत की है, अब उसे परिणाम में बदलने का समय है।
उन्होंने कहा कि घबराने की बजाय सकारात्मक सोच और धैर्य के साथ परीक्षा में शामिल होना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि प्रत्येक प्रश्न को ध्यानपूर्वक पढ़ें, समय का सही प्रबंधन करें और संयम बनाए रखें। जल्दबाजी या तनाव से बचते हुए पूरे मनोबल के साथ उत्तर लिखें।
उन्होंने यह भी कहा कि आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है और ईमानदारी से किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे परीक्षा के दौरान बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उन्हें प्रोत्साहित करें और सकारात्मक वातावरण प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग विद्यार्थियों के मनोबल को मजबूत करता है और बेहतर प्रदर्शन में सहायक होता है।
अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि कोरबा जिले के विद्यार्थी इस वर्ष उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर अपने माता-पिता, शिक्षकों और जिले का नाम गर्व से ऊंचा करेंगे।
उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें और अपने सपनों को साकार करें।









