बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
बकावंड। विकासखंड में सुशासन की रफ्तार रोकने के लिए व्यापारी सरकारी जमीन और सड़क तक पर कब्जा जमाने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा-2 में सामने आया है, जहां कर एक राइस मिलर ने पहले अपनी मिल की सामने की जमीन हथियाई, फिर आम सड़क पर भी कब्जा करना शुरू कर दिया। ये तो भला हो सरपंच का कि उन्होंने समय रहते एक्शन ले लिया, वरना ग्रामीणों के आवागमन का साधन छिन जाता।
दरअसल ग्राम छोटे देवड़ा में संचालित तौशीब राइस मिल के संचालक मिल के आसपास की पूरी जमीन पर कब्जा कर राईस मिल का अवैध रूप से विस्तार करना चाहते हैं। पहले उन्होंने राईस मिल से निकलने भूसे को बाहर खुली शासकीय जमीन पर डंप करना शुरू कर दिया। भूसे की डस्ट से लोगों का जीना हराम हो गया है। गांव के कई महिला पुरुष श्वांस के रोग से पीड़ित हो चुके हुए हैं। अब राइस मिलर द्वारा अब सार्वजनिक सड़क पर भूसी बिछा कर सड़क और आसपास की जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। वहां शेड निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। सड़क पर गड्ढे खोद दिए गए हैं। आसपास के ग्रामीणों ने विरोध किया तो भी मिलर मनमानी करते रहे। जब इस की जानकारी ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा के सरपंच संतोष कुमार कश्यप को लगी, तो उन्होंने तुरंत मौके पर जाकर अवैध कब्जे और अवैध निर्माण पर ने रोक लगा दी।

सरपंच संतोष कुमार कश्यप का कहना है कि हमेशा बकावंड रोड छोटे देवड़ा में धूल, मिट्टी, भूसा उड़ते रहता हैं। जिसके कारण स्थानीय ग्रामीणों का तो स्वास्थ्य प्रभावित हो ही रहा है बकावंड रोड पर सफर करने वाले यात्रियों की जान को भी खतरा बना रहता है।
नहीं होने देंगे ग्रामीणों की सेहत से खिलवाड़
मैने कई बार उन्हें समझाया कि राईस मिल से डस्ट बाहर न उड़े इसके लिए सुरक्षा प्रबंध करें, लेकिन उन्होंने अब सड़क पर भूसी डाल कर सड़क पर ही कब्जा करना शुरू कर दिया। मैने इन्हें ऐसा करने से मना किया है। मिलर ग्रामवासियों के स्वस्थ के साथ खिलवाड़ करना बंद करें।
-संतोष कुमार कश्यप,
सरपंच, छोटे देवड़ा









