बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 को युवाओं, शिक्षा और कौशल विकास को समर्पित बताया जा रहा है। भाजपा युवा नेता आदर्श ठाकुर ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार एवं यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट युवाओं के भविष्य को मजबूत करने वाला है।
उन्होंने कहा कि इस बजट में शिक्षा, कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। इससे प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे और छत्तीसगढ़ विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।
बजट में विश्वविद्यालयों को अनुदान एवं व्यावसायिक परीक्षा मंडल की क्षमता वृद्धि के लिए ₹731 करोड़ का प्रावधान किया गया है। वहीं स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना के लिए ₹100 करोड़ रखे गए हैं। तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने के लिए आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों के अधोसंरचना उन्नयन हेतु ₹50 करोड़ दिए जाएंगे।
इसके अलावा रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कवर्धा, रायगढ़, जशपुर और जगदलपुर में नए CGIT संस्थानों की स्थापना के लिए ₹38 करोड़ का प्रावधान किया गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए CG ACE योजना के तहत ₹33 करोड़ तथा नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 36 Inc CG Innovation Centre एवं STPI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस हेतु ₹35 करोड़ प्रस्तावित हैं।
उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए 25 नए महाविद्यालय भवनों के निर्माण हेतु ₹25 करोड़, रायपुर में मेगा परीक्षा केंद्र के लिए ₹25 करोड़ तथा IIIT में अधोसंरचना विकास के लिए ₹20 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
साथ ही दुर्ग, जशपुर, रायपुर, बलौदाबाजार और रायगढ़ के सरकारी महाविद्यालयों में उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के लिए ₹15 करोड़, मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना हेतु ₹10 करोड़, सभी नालंदा पुस्तकालयों में करियर काउंसलिंग केंद्र के लिए ₹10 करोड़ तथा छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना के लिए ₹5 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
आदर्श ठाकुर ने कहा कि यह बजट शिक्षा और युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। वही आदर्श ने जन कल्याण को ध्यान मे रखकर इस बजट को तैयार करने पर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी का आभार व्यक्त किया









