आरंग संवाददता – सोमन साहू
आरंग।
केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल वीबी जी रामजी योजना के विस्तार एवं प्रचार-प्रसार को लेकर आरंग क्षेत्र में जनजागरण अभियान चलाया गया। इस दौरान मजदूरों और किसानों से सीधे संवाद कर योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रदेश कार्यक्रम अतिथि सत्कार प्रभारी सूरज शर्मा एवं गोविन्द साहू ने बताया कि गुमा पंचायत के स्टॉप डैम स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत वीबी जी रामजी योजना की विशेष जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा तथा पूर्ण पारदर्शिता के साथ सात दिनों के भीतर भुगतान की व्यवस्था रहेगी। यदि भुगतान में विलंब होता है तो ब्याज सहित राशि देने का प्रावधान भी रखा गया है।
उन्होंने कहा कि खेती के मौसम में कार्य बंद रहेगा ताकि किसानों को मजदूरों की कमी का सामना न करना पड़े, जबकि अन्य समय में रोजगार उपलब्ध रहेगा। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि वीबी जी रामजी योजना ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।
किसान जनचौपाल के माध्यम से जागरूकता
अभियान के तहत छतौना, छाटापार एवं राटाकाट गांवों में किसान जनचौपाल आयोजित कर किसानों एवं मजदूरों को योजना की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को रोजगार, पारदर्शिता और भुगतान व्यवस्था से संबंधित प्रावधानों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर दिलीप जलछत्री (मत्स्य प्रकल्प प्रदेश सहसंयोजक, किसान मोर्चा), गुमा सरपंच, बूथ अध्यक्ष भागवत सोनवानी (छाटापार), राहुल प्रजापति (राटाकाट) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







