इजराइल-अमेरिका और ईरान जंग का आज तीसरा दिन है। अल-जजीरा के मुताबिक, इस दौरान ईरान के 1,000 ठिकानों पर हमला किया गया। इजराइली सेना के मुताबिक, जंग के शुरुआती 30 घंटों में 2,000 से ज्यादा बम गिराए हैं।
इस दौरान फाइटर जेट्स ने 700 से ज्यादा उड़ानें भरी हैं। ईरान ने जवाब में इजराइल समेत 9 देशों में अमेरिकी बेस पर हमले किए। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि आने वाले दिनों में तेहरान पर हमले और तेज होंगे।
शनिवार को शुरू हुई इस लड़ाई के पहले दिन ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। इन हमलों में 48 ईरानी ‘नेता’ मारे गए हैं। ईरान में सत्ता संभालने के लिए फिलहाल तीन लोगों की एक अस्थायी समिति बनाई गई है। इसमें देश के राष्ट्रपति मसूद पजश्कियान, न्यायपालिका के प्रमुख मोहसेनी एजेही और धर्मगुरु अलीरजा अराफी शामिल हैं।
वहीं, इस जंग में लेबनान का उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह भी शामिल हो गया है। उसने इजराइल में कई जगहों पर बमबारी की है। दूसरी तरफ इजराइल ने बॉर्डर से लगे लेबनान के 50 गांव खाली करा लिए हैं।
इजराइल और अमेरिका ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत 10 बड़े शहरों को निशाना बनाया है। इनमें अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 740 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 180 छात्राओं की मौत हो गई और 45 घायल हैं।









