Home जायका गर्मी में ट्राई करें हरे मटर का रायता, स्वाद के साथ सेहत...

गर्मी में ट्राई करें हरे मटर का रायता, स्वाद के साथ सेहत भी रहेगी बरकरार

8
0

गर्मी का मौसम आते ही खाने में हल्की और ठंडी चीजें ज्यादा पसंद की जाती हैं। ऐसे में दही से बने व्यंजन जैसे रायता, छाछ या लस्सी खाने का स्वाद भी बढ़ाते हैं और शरीर को ठंडक भी देते हैं। आमतौर पर लोग बूंदी या खीरे का रायता बनाते हैं, लेकिन अगर आप कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहती हैं तो हरे मटर का रायता एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।

ताजी हरी मटर और दही का यह कॉम्बिनेशन स्वाद में अलग होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होता है। इसे बनाना भी बेहद आसान है और यह कम समय में तैयार हो जाता है। आइए जानते हैं हरे मटर का स्वादिष्ट रायता बनाने की आसान रेसिपी।

रायता बनाने के लिए सामग्री

ताजी हरी मटर – 1 कप

दही – 1 कप

भुना जीरा पाउडर – ½ छोटा चम्मच

काला नमक – ¼ छोटा चम्मच

साधारण नमक – स्वादानुसार

हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई

हरा धनिया – 1 से 2 चम्मच बारीक कटा हुआ

बनाने की आसान विधि

सबसे पहले हरी मटर को साफ करके 2 से 3 मिनट तक उबाल लें। उबालने के बाद मटर को छानकर थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद उबली हुई मटर को हल्का सा मैश कर लें या मिक्सर में थोड़ा दरदरा पीस लें, ध्यान रखें कि इसे पूरी तरह पेस्ट न बनाएं।

अब एक बाउल में दही को अच्छी तरह फेंट लें ताकि वह मुलायम और स्मूद हो जाए। इसके बाद दही में मैश की हुई मटर डालें। साथ ही नमक, काला नमक, भुना जीरा पाउडर और बारीक कटी हरी मिर्च मिलाकर अच्छे से मिक्स करें।

अंत में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर सजाएं। अगर आप रायते का स्वाद थोड़ा और चटपटा बनाना चाहते हैं तो ऊपर से हल्का सा लाल मिर्च पाउडर या चाट मसाला भी डाल सकते हैं।

यह स्वादिष्ट मटर का रायता दाल-चावल, पुलाव, पराठा या सब्जी-रोटी के साथ बेहद लाजवाब लगता है। गर्मी के मौसम में यह रायता खाने को स्वादिष्ट बनाने के साथ शरीर को ठंडक देने में भी मदद करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here