दिल्ली से गोवा जा रही एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया जब एक यात्री विमान के टॉयलेट में बीड़ी पीते हुए पकड़ा गया। यह घटना अकासा एयर की फ्लाइट QP1625 में हुई, जहां यात्री की इस हरकत से यात्रियों और क्रू मेंबर के बीच दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी आशीष नाम का यात्री इस फ्लाइट से गोवा जा रहा था। उड़ान के दौरान वह विमान के टॉयलेट में गया और वहां बीड़ी जलाकर पीने लगा। कुछ देर बाद अन्य यात्रियों को शक हुआ, जिसके बाद जांच करने पर उसे टॉयलेट के अंदर बीड़ी पीते हुए पकड़ लिया गया। उसके पास से एक लाइटर भी बरामद किया गया।
क्रू ने तुरंत अपनाया सुरक्षा प्रोटोकॉल
घटना की जानकारी मिलते ही विमान के क्रू मेंबर ने तय सुरक्षा नियमों के तहत तुरंत कार्रवाई की। एयरलाइन की ओर से जारी बयान में बताया गया कि 7 मार्च को दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट QP1625 में एक यात्री को विमान के टॉयलेट में धूम्रपान करते हुए पाया गया।
एयरलाइन के मुताबिक क्रू ने सभी आवश्यक सुरक्षा और नियामक प्रक्रियाओं का पालन किया। फ्लाइट के गोवा पहुंचने के बाद आरोपी यात्री को संबंधित अधिकारियों के हवाले कर दिया गया।
यात्रियों की सुरक्षा को था खतरा
एयरलाइन की शिकायत में कहा गया है कि विमान के अंदर धूम्रपान करना गंभीर सुरक्षा उल्लंघन है। यात्री द्वारा टॉयलेट में बीड़ी पीना और उसके पास लाइटर होना विमान और उसमें सवार लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता था।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार गोवा के मोपा एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सिविल एविएशन सुरक्षा से जुड़े कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।







