आजकल फिट रहने के लिए रोज़ 10,000 कदम चलने का लक्ष्य काफी लोकप्रिय हो गया है। हेल्थ एक्सपर्ट्स भी इसे एक्टिव लाइफस्टाइल बनाए रखने का आसान तरीका मानते हैं। लेकिन बहुत से लोगों के मन में सवाल रहता है कि आखिर 10 हजार कदम चलने के लिए कितने किलोमीटर चलना पड़ता है और इससे शरीर की कितनी कैलोरी बर्न होती है।
दस हज़ार कदम चलने के लिए कितना किलोमीटर चलना पड़ता है?
दस हजार कदम पूरा करने में लगभग लोगों को 7 से 8 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। हालांकि, यह दूरी किसी भी व्यक्ति की चलने की गति पर भी निर्भर करती है। अगर कोई व्यक्ति सामान्य गति से चलता है, तो 10 हजार कदम पूरे करने में करीब 1 से 1.5 घंटे का समय लग सकता है।
दस हज़ार कदम चलने पर कितनी कैलोरी बर्न होती है?
कैलोरी की बात करें तो औसतन दस हजार कदम चलने से लगभग 300 से 500 कैलोरी तक बर्न हो सकती है। यह संख्या भी व्यक्ति के वजन, उम्र और चलने की स्पीड के अनुसार बदल सकती है।
दस हज़ार कदम चलने से मिलेंगे कौन से फायदे?
- वजन होता है कंट्रोल: हर दिन 10,000 कदम चलने से 300 से 500 कैलोरी बर्न होती है, जो वजन कम करने और शरीर में चर्बी को घटाने में काफी मददगार है।
- दिल की सेहत होती है बेहतर: रोजाना वॉक करने से रक्त संचार में सुधार होता है, हृदय की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और हाई ब्लड प्रेशर और बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद मिलती है।
- मानसिक स्वास्थ्य में सुधार: रोजाना वॉक करने से एंडोर्फिन नामक हार्मोन निकलता है, जो तनाव, चिंता और अवसाद को कम कर मूड को बेहतर बनाता है
- मजबूत हड्डियां और मांसपेशियां: नियमित वॉक हड्डियों के घनत्व को बढ़ाकर उन्हें मजबूत बनाता है और जोड़ों की गतिशीलता व लचीलेपन में सुधार कर जोड़ों के दर्द व ऑस्टियोपोरोसिस के जोखिम को कम करता है।
- पुरानी बीमारियों का जोखिम कम: यह टाइप 2 डायबिटीज, कैंसर (6% कम जोखिम) और डिमेंशिया (38% कम जोखिम) जैसी समस्याओं के खतरे को कम करता है। नियमित पैदल चलने से नींद की गुणवत्ता में सुधार होता है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) बढ़ती है







