बेमेतरा संवाददाता – अनंत साहू
बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरगा में कबीरधाम के जंगल से भटककर आया एक हिरण जालीदार तार में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हिरण गांव के अंदर एक बाड़ी में घुस गया था, जहां जाली तार में फंसने के कारण वह घायल हो गया। इसी दौरान एक कुत्ते ने भी उसे नोच लिया, जिससे उसकी हालत और खराब हो गई।

गांव के जागरूक ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए हिरण को कुत्तों से बचाया और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हिरण को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए थान खम्हरिया स्थित वेटनरी अस्पताल ले जाया गया।
वन विभाग बेमेतरा साजा परिचेत्र के प्रभारी एस.एल. रसेल, गजेंद्र सिंह राजपूत एवं वाहन चालक देवेंद्र दुबे की टीम ने ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घायल हिरण का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी स्थिति के अनुसार उसे नंदन वन जंगल सफारी रायपुर या मैत्रीबाग जू भिलाई रेफर किया जा सकता है।
पंचनामा कार्यवाही के दौरान ग्रामीणों में ईश्वर गंधर्व (कोटवार, बरगा), मंगतू यादव (साक्षी, बरगा, उम्र 50 वर्ष), संजय पाटिल (पदुम्सरा), कमलेश साहू (उप सरपंच, बरगा) सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों की तत्परता और वन विभाग की सक्रियता से घायल हिरण की जान बचाई जा सकी।







