पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच काबुल में कथित एयर स्ट्राइक को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अफगानिस्तान की ओर से दावा किया गया है कि सोमवार रात राजधानी काबुल में कई जगहों पर हवाई हमले किए गए, जिनमें रिहायशी इलाकों और एक अस्पताल को निशाना बनाया गया।
अफगान स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, इस हमले में 400 से अधिक लोगों की मौत और 250 से ज्यादा लोगों के घायल होने की बात कही गई है। राहत और बचाव कार्य जारी है, और मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिशें चल रही हैं।
Taliban ने इस घटना को मानवता के खिलाफ हमला बताते हुए कड़ी निंदा की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले रात करीब साढ़े 9 बजे शुरू हुए और कुछ ही मिनटों में काबुल के कई इलाकों को निशाना बनाया गया। इनमें रक्षा मंत्रालय के पास के रिहायशी क्षेत्र, खुफिया एजेंसी GDI मुख्यालय के आसपास का इलाका, राष्ट्रपति भवन के पास का क्षेत्र और काबुल एयरपोर्ट के नजदीक स्थित एक पुराना बेस शामिल बताया जा रहा है। एक बड़े अस्पताल में भी भारी नुकसान की सूचना है।
इस घटना पर अफगान क्रिकेटर Mohammad Nabi और Rashid Khan ने भी गहरी चिंता जताई है। दोनों खिलाड़ियों ने नागरिकों को निशाना बनाए जाने की निंदा की है।
हालांकि पाकिस्तान ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पाकिस्तान सरकार का कहना है कि उनकी कार्रवाई केवल आतंकवादी ठिकानों तक सीमित थी और किसी भी नागरिक इलाके को निशाना नहीं बनाया गया।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। सीमा क्षेत्रों में झड़पों और हमलों की घटनाएं दोनों देशों के रिश्तों को और अधिक तनावपूर्ण बना रही हैं।







