जागरूकता कार्यक्रम में थाना प्रभारी बलौदा मनोहर सिन्हा उपस्थित रहे।
* गांव में महिला कमांडो टीम का गठन कर टोपी सीटी भी वितरण किया गया
* सायबर अपराध से बचने, ऑनलाइन धोधाधडी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोगों के बारे में जानकारी दी गई
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आज दिनांक 22.03.2026 को निरीक्षक मनोहर सिन्हा बलौदा द्वारा थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम चारपारा पहुंचकर ग्रामीणों एवं महिलाओं के साथ संवाद किया और महिलाओं को समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में 60 महिला कमांडो टीम का गठन किया गया, जिसमें ग्राम की सक्रिय महिलाओं को शामिल किया गया है। इस टीम का उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना, किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाना तथा महिला संबंधित अपराधों की रोकथाम में सहयोग करना है।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी बलौदा मनोहर सिन्हा ने महिला कमांडो टीम को उनके कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीम गांव में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी, आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देगी तथा समाज में अपराध और नशे जैसी बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का कार्य भी करेगी।
इस अवसर पर महिला कमांडो टीम की पहचान एवं कार्य में सहयोग के लिए उन्हें टोपी और सीटी भी वितरित की गईं, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लोगों के बीच आसानी से पहचानी जा सकें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस विभाग को सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और महिलाओं ने भी समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।







