Home चर्चा में प्रधान पाठक पदोन्नति सूची जारी, शिक्षक कल्याण संघ ने जताई खुशी

प्रधान पाठक पदोन्नति सूची जारी, शिक्षक कल्याण संघ ने जताई खुशी

10
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

संघ पदाधिकारियों ने संयुक्त संचालक सोम का माना आभार 
जगदलपुर। बस्तर संभाग में मिडिल स्कूलों के प्रधान पाठक पदोन्नति को लेकर लंबे समय से चल रही प्रक्रिया पर अब विराम लग गया है। संयुक्त संचालक शिक्षा एचआर सोम द्वारा 25 मार्च से पूर्व ही पदोन्नति सूची जारी कर दी गई है, जिससे शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी एवं सह सचिव चंद्रभूषण ठाकुर के निर्देश पर अमलेश ठाकुर के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कुछ दिनों पूर्व संयुक्त संचालक से भेंट कर पदोन्नति में हो रही देरी पर चिंता जताई थी। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि जिला शिक्षा अधिकारियों से प्राप्त वरिष्ठता सूची एवं सेवा पुस्तिकाओं में त्रुटियों के कारण प्रक्रिया में विलंब हो रहा है। संयुक्त संचालक श्री सोम ने बताया था कि कई बार स्मरण पत्र भेजे जाने के बावजूद अधूरी एवं त्रुटिपूर्ण जानकारी प्राप्त हो रही थी, जिसे सुधार के लिए वापस भेजा जा रहा था। हालांकि अब अधिकांश विसंगतियों को दूर कर लिया गया है, जिससे पदोन्नति प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सका।
संघ के पदाधिकारियों ने यह भी मांग रखी थी कि पदोन्नति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो तथा काउंसलिंग के माध्यम से की जाए। साथ ही वरिष्ठता सूची में प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों का सूक्ष्म परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। संयुक्त संचालक ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिस पर अमल करते हुए अब पदोन्नत प्रधान पाठकों की सूची जारी कर दी गई है। इस निर्णय पर प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ ने संयुक्त संचालक शिक्षा एचआर सोम के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर संगीता गोस्वामी, आशा निधि आनंद एवं राजेंद्र बघेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here